मुख्यमंत्री द्वारा फरीदाबाद के विकास के लिए की गई महत्वपूर्ण घोषणाएं : राजेश नागर
- Deepak Singh Sisodia
- Mar 19
- 2 min read

राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया, कहा हरियाणा तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर
उन्होंने कहा, मेट्रो के माध्यम से फरीदाबाद का पलवल और गुरुग्राम से होगा जुड़ाव
फरीदाबाद के विकास हेतु बजट 2025 में महत्वपूर्ण घोषणाएं
फरीदाबाद। हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत बजट 2025 में फरीदाबाद के लिए की गई घोषणाओं की प्रशंसा की है।
उन्होंने फरीदाबाद मेट्रोपोलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के विकास कार्यों हेतु आवंटित 600 करोड़ रुपए के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस निधि से शहर में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, सीईटीपी की स्थापना की जाएगी जिसमें सीवरेज के पानी का उपचार होगा।
फरीदाबाद के विकास के लिए 11 घोषणाओं के साथ विशेष बजट
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि बजट में फरीदाबाद के लिए कुल 11 घोषणाएं की गई हैं, जिनमें शहर के बुनियादी ढांचे, किसानों, महिलाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि अब फरीदाबाद मेट्रो रेल के माध्यम से गुरुग्राम और पलवल से भी जुड़ेगा। इसके लिए बल्लभगढ़ से पलवल और बाटा चौक फरीदाबाद से गुरुग्राम तक मेट्रो के विस्तार को मंजूरी देने का स्वागत किया गया। बजट में किसानों के हित में भी कई घोषणाएं की गई हैं। साथ ही, सूरजकुंड मेला अब वर्ष में दो बार आयोजित होगा। नागर ने कहा कि यह बजट हरियाणा के निवासियों के लिए सुखद है और विकास में तेजी लाएगा जिससे नागरिकों को लाभ मिलेगा।
राज्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की 12 में से 6 मांगों को मंजूरी मिली है। उन्होंने मुख्यमंत्री की इस घोषणा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हरियाणा तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बजट में कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे बाहर से नौकरी पर आने वाली महिलाओं को राहत मिलेगी। सरकारी अस्पताल में अत्याधुनिक मातृत्व-शिशु केंद्र की स्थापना की घोषणा भी बजट में की गई है। इसके अलावा, अस्पताल में 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक भी बनेगा। लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध होगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने बल्लभगढ़ में नया बस स्टैंड बनाने की मुख्यमंत्री की घोषणा का स्वागत किया, जिससे हजारों यात्रियों को लाभ होगा। मॉडल संस्कृति स्कूल में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्पोर्ट्स की स्थापना की जाएगी, जिससे छात्रों को शुरू से ही खेलों से जोड़ा जाएगा।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि फरीदाबाद में किसानों के लिए बीज प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना होगी, जिससे किसान उच्च गुणवत्ता का बीज उचित दामों पर खरीद सकेंगे। फरीदाबाद में बागवानी मिशन की शुरुआत भी एक नई पहल है।




Comments