कांग्रेसियों ने श्रद्धापूर्वक मनाई पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि
- Deepak Singh Sisodia
- May 28
- 2 min read
रिंकू चंदीला ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश में एक सशक्त लोकतंत्र की नींव रखी।

फरीदाबाद: भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक मनाई। सबसे पहले, कांग्रेसजनों ने नीलम चौक स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा को गंगाजल से साफ किया और फिर उस पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर, उन्होंने 'पंडित जवाहर लाल नेहरू अमर रहें' के नारे लगाकर माहौल को कांग्रेसमय बना दिया। इस मौके पर मुख्य रूप से युवा कांग्रेस के पूर्व लोकसभा अध्यक्ष रिंकू चंदीला, अनीशपाल, फिरे पोसवाल, कृष्ण अत्री, अशोक रावल, बाबूलाल रवि, संजय सोलंकी, उपकार सिंह, गुरेेंद्र ग्रेवाल, राधा बघेल, एपी बघेल, राजी खान, साहिल सैफी, क्षितिज छाबड़ा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे। कांग्रेसी नेता रिंकू चंदीला ने पंडित जवाहर लाल नेहरू की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने देश के विकास और लोकतंत्र की मजबूत नींव रखी। देश की प्रगति में पंडित नेहरू का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। पंडित नेहरू ने अपने पूरे परिवार के साथ सभी सुख-सुविधाओं को छोड़कर देश की आजादी के लिए कार्य किया और कष्ट सहे। उन्होंने लंबे समय तक जेल में समय बिताया और एक सामान्य व्यक्ति का जीवन जिया। श्री चंदीला ने कहा कि पंडित नेहरू ने प्रथम प्रधानमंत्री के रूप में भारत के विकास की नींव रखी, जिसमें हर भारतीय को समान अधिकार और सम्मान मिला है। उनकी आरंभ की गई नीतियों के कारण ही देश ने विकास की दिशा तय की और आज के विशाल, महान, शिक्षित, आधुनिक और युवा भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद न केवल व्यवस्था को संभाला बल्कि विभिन्न विचारधाराओं, पहनावे, और संस्कृति के मूल भाव को एकता के बंधन में बांधा और भारत की एकता और अखंडता की नींव मजबूत की। उन्होंने कहा कि चाचा नेहरू ने देश की आजादी के आंदोलन से लेकर आजाद भारत के समय में देश की एकता और अखंडता के लिए कार्य किया। उन्हीं के पदचिन्हों पर चलते हुए श्रीमती इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश का सर्वांगीण विकास और आधुनिकीकरण किया। अब श्रीमती सोनिया गांधी और राहुल गांधी उनकी ही नीतियों को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेसजनों से आह्वान किया कि वे पंडित नेहरू के बताए मार्ग पर चलते हुए धर्मनिरपेक्ष भारत को मजबूत करें, भाईचारे को सुदृढ़ करें और महान भारत को बनाए रखने का कार्य करें।




Comments